Skip to main content

दिसोम गुरु शिबू सोरेन

दिसोम गुरु शिबू सोरेन;संत और महानतम झारखंडी 

शिबू सोरेन झारखंड के महानतम जीवित व्यक्ति हैं.उनके जैसा व्यक्तित्व और कोई नहीं हो सकता. हम सभी के वे आदर्श हैं.मैं स्वयं झारखंड आंदोलन में रहा,कई दिनों तक जेल में भी रहा,बाद में उनके सानिध्य में बहुत अंतरंगता से कार्य करने का समय मिला ,इसलिए उनकी अब तक की जीवनयात्रा मेरे लिए वरण हम सब के लिए अनुकरणीय है.

मूलत: शिबू सोरेन शोषण के विरुद्ध संघर्ष की उपज हैं.वे अन्याय के विरुद्ध दलित आदिवासी संघर्ष के प्रतीक हैं,इसलिए झारखंड की जनता उन्हें पूजती है.क्या जनता,क्या नेता,पक्ष विपक्ष सभी द्वारा उनके महत्ता को दिल से स्वीकार किया जाता है.

झारखंड के बाहर भी देश भर का जनजाति समुदाय उन्हें आदिवासियों के उद्धारक के रूप में देखता है.शिबू सोरेन युगों में एक बार जनमते हैं.

उन क्षेत्रों में जहाँ आदिवासी विचरते हैं,लोलुप निगाहें हमेशा से लगी रही हैं.झारखंड के परिप्रेक्ष्य में यह भी सच है कि यह धरती,जंगल पहाड़ और आदिवासियों की रही है.अंग्रेजों के भारत आने तक इस क्षेत्र की आबादी विरल थी.चहूँ ओर जंगल पर्वत थे और न जाने कहाँ से आदिवासी जनसंख्या ही पनपी.घाटियों से लेकर पहाड़ियों की चोटी,पठारों तक आदिवासी ही बसे.आज भी पठारी चोटियों में आदिवासी बसोवास मिल जाएगा,मानो किसी अनजानी शक्ति ने कहीं से उठा कर इन्हें यहाँ बसा दिया हो.शुरू में पहाड़ों में आजीविका झूम किस्म की खेतियाँ थी,शिकार के लिए खाने के काम आने वाले पशु पक्षियों की बहुतायत थी ही.आराम से आनंददायक जीवन चलते रहा.कुछ कुछ आबादी जंगली पेड़ों को काट कर खेत बथान बना कर तलहटी में भी रहना आरम्भ कर रही थी.दूसरी सहस्राब्दी के मध्य में कुछ बाहरी आगंतुकों का इस प्रदेश में प्रवेश शुरू हुआ,लगता है कुछ जागीरदार,जमींदारों के कारिंदे,व्यापारी वर्ग इस क्षेत्र में आए.अंग्रेजों के इस क्षेत्र में प्रभुत्व जमाने के बाद अंग्रेज़ी सत्ता ने अपनी आर्थिकी को बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर झारखंड क्षेत्र के दोहन की योजना बनायी.पहले प्रयास के रूप में पहाड़ियों की तलहटी में पेड़ों की बड़ी मात्रा में कटायी कर खेत बनाने के लिए आदिवासियों को अगल बगल के क्षेत्रों से लाकर बसाया गया.

अंग्रेज़ों ने दरियादिली दिखाते हुए तत्कालीन भागलपुर क्षेत्र के जंगल पठार से भरे इलाक़े को दामिन ई कोह नाम दिया.इस क्षेत्र में मूलत: पहाड़िया नामक जनजाति पहाड़ों की पठारी चोटियों में पहले से रहती थी.तलहटी में जंगलों को साफ़ करने हेतु संथाल नामक अन्य जन जाति के लोगों को बसाया गया जो इस काम एवं अन्य श्रम साध्य कार्यों में माहिर थे.बताया जाता है कि इन लोगों को तत्कालीन रामगढ़ और बंगाल के बीरभूम मानभूम क्षेत्र से लाकर यहाँ बसाया गया.यह दरियादिली कुछ ही समय में खत्म हुई मालूम होती है,जब इस क्षेत्र के साधनों से अधिकाधिक लाभ लेने के लिए और संबंधित वसूलियों हेतु जमींदारों को अधिकृत किया.जमींदारों के वसूलीकर्ता कारिंदों ने कुछ ही समय में इस क्षेत्र में उत्पात का माहौल बरपा दिया,जिसका परिणाम अंततोगत्वा 1855 के संताल विद्रोह के रूप में हुआ,जिसे संतालों ने अपनी भाषा में हूल नाम से पुकारा और अब भी इस नाम से उद्वेलित होते रहते हैं.

सिदो कान्हू के नेतृत्व में लड़े गए इस भीषण विद्रोह,जिसमें हज़ारों संताल और मूलवासियों ने शहादत दी,के बाद संताल परगना नामक एक नये जिले का निर्माण तो हुआ,लेकिन कुछ दिनों बाद फिर संतालों के प्रति हिंसा,अन्याय और शोषण आरम्भ हो गया.आजादी के बाद मिले संवैधानिक अधिकार चिन्हित अनुसूचित जन जाति के रूप में प्रदत्त हैं,लेकिन विस्थापन,अनुसूचित क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था की सरकारों द्वारा अनदेखी,आदिवासियों के विकास के लिए आवश्यक सकारात्मक माहौल की कमी के कारण संतालों का अपने ही इलाके में भयंकर शोषण जारी रहा.विशेषकर जमींदारों एवं उनकी आड़ में पनपे महाजनों,सूदखोरों और सरकारी अमले,थानों के बिचौलिया,दलालों ने  संताल इलाकों विशेषकर हजारीबाग से लेकर संताल परगना तक ग़लत रूप से स्थानीय लोगों विशेष रूप से आदिवासियों को अपनी ही जमीनों से बेदखल करना शुरू किया.इस परिदृश्य में शिबू सोरेन का आविर्भाव एवं ज़ुल्म,अन्याय,शोषण के विरुद्ध उनके द्वारा समर की शुरुआत एक युगांतकारी घटना है.क्रमश:

Comments

Popular posts from this blog

आदर्श शहर की परिकल्पना;झारखंड राज्य का परिदृश्य और विकास का रास्ता

         भारत देश का इतिहास जितना पुराना रहा है, वैसा ही प्राचीन यहाँ के शहरों कस्बों का इतिहास है. पाटलिपुत्र,ताम्रलिप्ति,वैशाली,कन्नौज,उज्जैन,हस्तिनापुर, इंद्रप्रस्थ,तक्षशिला,भद्रक,द्वारकापूरी,दक्षिण भारत में तंज़ौर,मदुरै,महाबलीपुरम,रामेश्वरम,कोच्चि प्रसिद्ध एवम् पुरातन नगरीय बसावट के केंद्र रहे हैं,जिनकी समृद्धि की धमक आज भी है. श्रावस्ती,नालंदा,काशी,मथुरा,अयोध्या,अहमदाबाद,देवगिरि,राजगीर,पुरी,भड़ौच,कांचीपुरम,विक्रमशिला,हम्पी आदि भी देश के प्राचीनतम शहरों में से हैं. बल्कि हमारे देश में प्राचीनतम सभ्यता सिंधु घाटी सभ्यता के जो अवशेष भग्नावशेष विभिन्न उत्खनन में प्राप्त हैं, उसका स्वरूप शहरी बसावट का ही है.योजनाबद्ध तरीके से बसे मोहन जोदड़ो,हड़प्पा,सुरकोतड़ा,राखीगढ़ी के शहर और तत्कालीन पोर्ट सिटी के रूप में बसा लोथल.इन बसावटों में सड़कें और गलियाँ लंबाई चौड़ाई में हैं,सड़कों के किनारे प्रकाश व्यवस्था के स्तम्भनुमा स्ट्रक्चर,दुमंजिला तक बने मकान जिनमें शौचालय की व्यवस्था भी विद्यमान है, कम्युनिटी बाजार और अनाज भंडारण के स्थल,पर्याप्त ओपन स्पेस और ...

रहस्य रोमांच के उस्ताद,इब्ने सफ़ी बी ए,अगला भाग

कुछ नया पढ़ने की मेरी हमेशा अभिरूचि रही. पिता चूँकि अधिवक्ता थे,इस कारण हमारे घर का एक कमरा क्लाइंट से मिलने का था और वह क़ानून की मोटी मोटी जिल्दों से भरा हुआ था.वहाँ इसके अतिरिक्त जर्नल्स,सामयिक राजनीति पर लिखी किताबें,शरतचंद्र,मुंशी प्रेमचन्द्र,जयशंकर प्रसाद की कहानियों और निराला,दिनकर,बच्चन की कविताओं के संग्रह के साथ इब्ने सफ़ी के उपन्यासों सहित ढेरों हिंदी अंग्रेजी लेखकों के जासूसी उपन्यास थे.छोटी ही उम्र में किसी समय इन किताबों को उलट कर देखा,फिर पढ़ना आरम्भ किया तो शुरुआत से ही एक्शन,रहस्य,और सहज़ हास्य प्रसंगों से भरे इब्ने सफ़ी के उपन्यासों ने दीवाना बना दिया.उनके सहज़ साहित्यिक प्रभाव को बाद में समझ पाया.बूढ़े बुजुर्गों से सुना था कि बहुत लोगों ने स्व०देवकीनन्दन खत्री के ऐयारी पर चंद्रकान्ता,भूतनाथ और अन्य तिलस्मी कहानियों के लेखन को पढ़ने के लिए हिंदी सीखी.यही प्रभाव इब्ने सफी का पढ़ने के प्रति एक जेनरेशन की रुचि जगाये रखने में रहा.दुर्भाग्यवश आज के जेनरेशन के पास ऐसा अवसर और मौका नहीं है,वह सोशल मीडिया,आत्मतुष्टि और अपनी पीठ थपथपाने की प्रवृति से ग्रस्त होता दिखता है और पु...

आदिवासी विकास;परिकल्पना,वास्तविकता और झारखंड राज्य के विकास की राह

आदिवासी अपने क्षेत्रों के प्राचीनतम निवासी हैं. अफ्रीका के जुलू और मसाई,यूरोप के जिप्सियों,अमेरिका के चिरोकी और अपाचे इंडियन्स,ऑस्ट्रेलिया में ऐबोरिजिन्स, न्यूजीलैंड के माओरी.अपने ही देश में उत्तरांचल के लेपचा,भूटिया; नार्थ ईस्ट में मिज़ो,नागा,गारो,खासी,मध्य भारत में संथाल,गोंड,भील,दक्षिण भारत में टोड,बडागा एवं वेद्दा तथा अंडमान के जरावा एवं सेंटलनीज़. हमारे झारखंड में संताल परगना के राजमहल की पहाड़ियों से लेकर पलामू गुमला के पठारी भूखंडों तक;कोडरमा हजारीबाग के मैदानी भूभाग से लेकर सिंहभूम के गुंझान जंगलों तक विभिन्न आदिवासी समुदायों का वास ऐसे मिलेगा जैसे प्रकृति ने विशेष रूप से इन्हें इन जगहों में स्वयं बसाया हो.झारखंड प्रदेश प्राकृतिक बनावट में पठार,पहाड़ियों से भरा है.भौगोलिक रूप में प्रमाणित है कि यह भूखंड दुनिया के प्राचीनतम् भूखण्डों में से है.वास्तव में यह क्षेत्र आदिवासियों की ही वास भूमि रही है.आदिवासियों की जितनी प्रजातियों यहाँ वास करती है,उतनी विभिन्नता विश्व के किसी और क्षेत्र में कहीं और नहीं दिखाई देती. पहाड़िया,संताल,उरांव,मुंडा,हो,खरवार,बिरजिया, कोरवा,असुर,बिरहोर,खड़ि...